छोटी टेंगरिया में सेमापुर पुलिस की कार्रवाई, बाइक व इलेक्ट्रोनिक तराजू भी जब्त
बरारी /कटिहार -सेमापुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोमवार की शाम छोटी टेंगरिया गांव में छापेमारी कर 4.30 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक और इलेक्ट्रोनिक तराजू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छोटी टेंगरिया वार्ड संख्या 10 निवासी हनीफ पिता तयब अली और समीम पिता स्व. नसीरूद्दीन के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार को सूचना मिली थी कि छोटी टेंगरिया में दो व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से गांजा की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपित भागने लगे।पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 4.30 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही एक बाइक और इलेक्ट्रोनिक तराजू भी जब्त किया गया।
थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार ने बताया कि बरामद गांजा को जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार हनीफ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बरारी सेमापुर थाना में वर्ष 1997 में मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ था।