अंचल कार्यालय में करना होगा आवेदन
कटिहार–जिले के भूमिहीन पात्र परिवारों को रहने के लिए वासभूमि उपलब्ध कराया जाएगा।इसको लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से अभियान बसेरा चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन भी अभियान को सफल बनाने को लेकर सख्त है।जिला प्रशासन द्वारा पात्र परिवारों से अपने अंचल कार्यालय में आवेदन जमा कर योज़ना का लाभ लेने की की अपील की गई है।इस बाबत जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया है कि अभियान बसेरा के तहत आवेदक को राज्य या जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है।
इसे संबंधित अंचल कार्यालय में जमा किया जा सकता है।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। कोई भी पात्र परिवार वासभूमि के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी अंचलों में आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
आवेदक को लिखित आवेदन के साथ परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य है।वहीं आवेदन के साथ आवेदक, पति या पत्नी तथा वयस्क सदस्यों के आधार कार्ड की स्व अभिप्रमाणित प्रति संलग्न करनी होगी।इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या निवास प्रमाण पत्र में से उपलब्ध दस्तावेज, परिवार का सामूहिक फोटो और निर्धारित प्रारूप में परिवार के पास वास योग्य भूमि नहीं है और पहले किसी सरकारी योजना से वासभूमि नहीं मिली है का घोषणा पत्र देना अनिवार्य है।जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के अनुसार यदि परिवार सरकारी भूमि पर रह रहा है तो उपलब्ध होने पर मौजा, खाता, खेसरा और पुराने निवास संबंधी साक्ष्य भी जमा किया जा सकता है।