न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

लखनपुर में शाम से रात तक बिजली कटौती से परेशानी

बच्चों की पढ़ाई व घरेलू काम प्रभावित

विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने विद्युत विभाग से मांगी कार्रवाई की जानकारी

मनिहारी/कटिहार -प्रखंड क्षेत्र के लखनपुर गांव में नियमित बिजली कटौती की समस्या को लेकर बिहार विधानसभा के सदस्य एवं मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, कटिहार को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है। विधायक ने पत्र में लखनपुर में विद्युत आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराने तथा आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

विधायक की ओर से 22 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 21 सितंबर को रात 8.23 बजे मोबाइल पर लखनपुर निवासी की ओर से विद्युत समस्या की जानकारी दी गई। बताया गया कि लखनपुर में प्राणपुर विद्युत सब-स्टेशन से बिजली की लाइन उपलब्ध करायी गयी है। लेकिन वर्तमान में यहां शाम छः बजे से रात दस बजे तक बिजली की आपूर्ति नहीं की जाती है। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को घरेलू कार्यों में परेशानी हो रही है, वहीं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी प्रभावित हो रही है।


पत्र में कहा गया है कि स्थानीय विद्युत कर्मियों से समस्या के संबंध में पूछताछ करने पर लोड शेडिंग के कारण बिजली काटे जाने की बात बतायी जाती है। विधायक ने उल्लेख किया है कि लखनपुर में विद्युत आपूर्ति में गड़बड़ी की शिकायतें पहले भी प्राप्त होती रही हैं। इन शिकायतों की जानकारी मोबाइल संवाद के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को दी जाती रही है।

विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने कार्यपालक अभियंता से लखनपुर में विद्युत आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा इस संबंध में उन्हें जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र में विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाने की दिशा में शीघ्र पहल की अपेक्षा जतायी गयी है। हाल के दिनों में क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

Share this news

Leave a Comment