न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

नाला-निष्कासन व सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

अमदाबाद नगर पंचायत के वार्ड-8 की 35 महिलाओं ने विधायक को सौंपा आवेदन

जलजमाव से बढ़ रही परेशानी

मनिहारी/अमदाबाद- अमदाबाद नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में जलनिकासी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वार्ड की 35 महिलाओं ने बिहार विधानसभा के सदस्य एवं मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद सिंह को हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर नगर पंचायत से पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।


विधायक को दिए आवेदन में महिलाओं ने बताया कि वार्ड-8 के आसपास पाल टोला, पश्चिम टोला, बरारी टोला, मंडरी टोला तथा कन्या माध्यमिक विद्यालय, अमदाबाद के आसपास जलजमाव की समस्या बनी हुई है। आवेदन के अनुसार इन क्षेत्रों में करीब 50-60 परिवार प्रभावित हैं। कई स्थानों पर पानी सड़ जाने के कारण दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महिलाओं ने बताया कि जलजमाव और गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में नगर पंचायत द्वारा उपलब्ध कराए गए पानी निकासी यंत्र के माध्यम से जलनिकासी कराने की जरूरत है। साथ ही जलजमाव वाले स्थानों पर नियमित सफाई एवं दवा का छिड़काव कराने की भी मांग की गई है।आवेदन में कहा गया है कि समय रहते जलनिकासी और सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

महिलाओं ने विधायक से मामले में पहल करते हुए नगर पंचायत के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित कराने का आग्रह किया है। विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने आवेदन के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी, मनिहारी एवं जिला पदाधिकारी कटिहार को भी प्रतिलिपि भेजकर मामले से अवगत कराया है तथा आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।

Share this news

Leave a Comment