पौआखाली/रणविजय
किशनगंज जिले के पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय पौआखाली में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दो दिन पूर्व छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट और कथित गाली-गलौज के मामले को लेकर विद्यालय परिसर में अभिभावकों, शिक्षकों तथा सामाजिक और राजनीतिक लोगों की महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। इसी दौरान छात्रों के बीच फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर संभाल लिया।
मामले की सूचना मिलने पर पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण पुलिस बल के साथ विद्यालय परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी में भी लोगों ने मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की पहल जारी रखी।
बताया गया कि वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कामरान खान, हाफिज साजिद, जरदिश आलम, कांग्रेस नेता प्रदीप सिन्हा, पूर्व मुखिया अजय सिन्हा, प्रो. विष्णुकांत झा, जदयू नगर अध्यक्ष हबेवुर रहमान, एआईएमआईएम युवा नेता राहिल अख्तर, छात्र युवा नेता आफताब अहमद अलीग, जदयू नेता शमशाद खान तथा पीड़ित छात्र के पिता मुजीब खान की पहल से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। समझौते के दौरान आरोपी छात्र ने अभिभावकों के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
इसके बाद उसने पीड़ित छात्र को गले लगाकर आपसी गिला-शिकवा खत्म किया। मौजूद लोगों ने छात्रों को भविष्य में इस तरह के विवाद से दूर रहने और पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी।
गौरतलब है कि शनिवार को विद्यालय परिसर में छात्रों के दो अलग-अलग गुटों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद पीड़ित छात्रों की ओर से पौआखाली थाने में लिखित शिकायत दी गई थी। घटना के बाद से ही अभिभावकों में विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही थी।
वहीं, राहिल अख्तर और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कामरान खान ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में छात्रों द्वारा इस तरह की हरकत किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से छात्रों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की आवश्यकता जताई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।