फारबिसगंज/अरुण कुमार
विधायक मनोज विश्वास ने सोमवार को रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का भ्रमण किया और इलाजरत मरीजों से मुलाकात कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
विधायक ने प्रसव विभाग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में एक ही दिन 25 से अधिक महिलाओं का सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) के माध्यम से सुरक्षित प्रसव कराए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने माताओं और नवजात शिशुओं को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की जानकारी ली।
इस दौरान विधायक ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि फारबिसगंज क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अस्पताल की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जाएगी और जरूरत के अनुसार सुधार के लिए प्रयास जारी रहेंगे।