न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

गेराबारी बाजार के ज्वेलर्स दुकान में अचानक गिरे ग्राहक,अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने घोषित किया मृत

कोढा/कटिहार-कोढ़ा थाना क्षेत्र के कोढ़ा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 6 स्थित गेराबारी बाजार हटिया में संगम ज्वेलर्स की दुकान पर खरीदारी करने पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान हथवारा पंचायत के अमोल गांव निवासी नरेश राय (55) के रूप में हुई है। वे स्वर्गीय रूपनारायण राय के पुत्र बताए जा रहे हैं। संगम ज्वेलर्स के प्रोपराइटर मनोज कुमार ने बताया कि नरेश राय करीब 10 बजे उनकी दुकान पर पहुंचे थे।

दुकान पर मौजूद रहने के दौरान अचानक उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी। उनकी हालत बिगड़ती देख दुकानदार ने तत्काल उनके मुंह पर पानी का छींटा मारा और आसपास के लोगों की मदद ली। इसी दौरान नरेश राय अचानक जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद दुकान संचालक ने बिना देर किए एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद नरेश राय को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा ले जाया गया।

वहां चिकित्सक डॉ. गिरीश चौहान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कोढ़ा पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से जानकारी ली। वहीं घटना के संबंध में जब पत्रकारों ने संगम ज्वेलर्स के प्रोपराइटर मनोज कुमार से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही तो उन्होंने बताया कि दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन कैमरों से जुड़ी एलईडी स्क्रीन खराब है।

बाजार में दुकान के अंदर अचानक हुई मौत की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share this news

Leave a Comment