कोढा/कटिहार- प्रखंड के रौतारा थाना क्षेत्र के रमैली गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजा पासवान विनोदपुर तथा राजकुमार मंडल और मनीष रविदास, दोनों धरमेली थाना रौतारा जिला कटिहार निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने एक अपाचे मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद हथियार एवं अन्य सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपितों से हथियार के संबंध में पूछताछ की है।
साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार उनके पास कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।गिरफ्तार तीनों आरोपितों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया है।