कटिहार – प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त की राशि प्राप्त करने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले लाभुकों के विरुद्ध नगर निगम कटिहार ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर निगम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार ऐसे कुल 115 लाभुकों को आवास निर्माण शुरू करने के लिए कई बार नोटिस जारी किया गया था।
इसके बावजूद संबंधित लाभुकों द्वारा आवास निर्माण की दिशा में कोई कार्य नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम द्वारा उक्त 115 लाभुकों के विरुद्ध नीलाम पत्रवाद की कार्रवाई के लिए आवश्यक अभिलेख तैयार कर लिए गए हैं। तैयार अभिलेखों को आगे की कार्रवाई के लिए नीलाम पत्र कार्यालय कटिहार को समर्पित कर दिया गया है।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सरकारी राशि प्राप्त करने के बाद निर्धारित समय में आवास निर्माण नहीं करने वाले लाभुकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य योजना की राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को आवास निर्माण का लाभ उपलब्ध कराना है।