दिघलबैंक /मुरलीधर झा
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 12वीं वाहिनी एसएसबी की बीओपी बालूबाड़ी ‘ए’ कंपनी मोहमारी और दिघलबैंक थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 47.3 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ नेपाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 8:45 बजे इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर एसएसबी जवान भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं नाका ड्यूटी पर थे। इसी दौरान बीपी नंबर 132/1 से करीब एक किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में भारत से नेपाल की ओर जा रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 47.3 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक नोकिया मोबाइल और एक इंटेक्स मोबाइल बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महंता ठाकुर, सूरज बुढा क्षेत्री और सागर लिम्बू, तीनों निवासी झापा जिला, नेपाल के रूप में हुई है।
कार्रवाई में एसएसबी के पीटीसी शंभू कुमार, सिपाही प्रियंका कुमारी और सिपाही मधु कुमारी शामिल रहे। संयुक्त कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को दिघलबैंक थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।