टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के मटियारी पंचायत सरकार भवन परिसर में सोमवार को वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत जीविका दीदियों की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जीविका के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में संकल्प जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की ओर से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जीविका समूहों से जुड़कर महिलाएं बचत, ऋण, स्वरोजगार और छोटे-छोटे व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं को स्थानीय संसाधनों के आधार पर रोजगार के अवसर तलाशने और समूह की गतिविधियों को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।
वार्षिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान समूहों की गतिविधियों, उपलब्धियों और आर्थिक प्रगति की जानकारी साझा की गई। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में जीविका समूहों को और अधिक सक्रिय बनाने, महिलाओं की आय में वृद्धि करने तथा स्वरोजगार से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर मटियारी पंचायत के विभिन्न जीविका समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने समूह के माध्यम से किए जा रहे कार्यों और उससे मिल रहे लाभों को साझा किया। कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सदर हुसैन अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में जीविका समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है।