सांसद प्रतिनिधि ने अधिकारियों से बात कर समाधान का दिया निर्देश
कटिहार – बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घटने के बावजूद बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। इसी को लेकर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने सहजा पंचायत के इमली टोला एवं कई गांव और केवाला पंचायत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद स्थिति का जायजा लिया।
बाढ़ प्रभावित लोगों ने सांसद प्रतिनिधि को राहत सामग्री, आवागमन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा समेत अन्य समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि पानी कम होने के बाद भी कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित है। वहीं कई परिवारों के सामने भोजन और जरूरी सामान की समस्या भी बनी हुई है। सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने तथा समस्याओं के जल्द समाधान का निर्देश दिया।
इस दौरान सुनील कुमार यादव ने कहा कि बाढ़ का पानी भले ही धीरे-धीरे घट रहा है, लेकिन लोगों की परेशानी अभी खत्म नहीं हुई है। बड़ी संख्या में परिवार अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। पानी कम होने के बाद भी उनके सामने आवागमन, स्वास्थ्य, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर भी प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
प्रभावित क्षेत्रों में राहत और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ जलजमाव वाले इलाकों में भी जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। सांसद प्रतिनिधि ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को सांसद तारिक अनवर तक पहुंचाकर हरसंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा। अवधेश मंडल, प्रहलाद गुप्ता, एजाज नदमी, हाजी अयूब अली,मो० अजीज,अकबर मौलवी,राज कुमार मुर्मू,लता मुर्मू सहित कई बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।