न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कटिहार पुलिस केंद्र में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर रहने वाले युवक गिरफ्तार

फर्जी पहचान पत्र, पुलिस की वर्दी और अन्य सामान बरामद पुलिस केंद्र के महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी करने की आशंका, जांच जारी

कटिहार – कटिहार पुलिस की सतर्कता से पुलिस केंद्र में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर रह रहे एक युवक का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से पुलिस की वर्दी, फर्जी पहचान पत्र, जूता और मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 4 नवंबर को पुलिस केंद्र स्थित सिपाही बैरक संख्या-100 में एक व्यक्ति खुद को डायल-112 वाहन का चालक और सैप जवान बताकर रह रहा था। उसकी गतिविधियों और ड्यूटी से जुड़ी जानकारी पर सिपाही सुनील कुमार महतो को संदेह हुआ।

इसके बाद परिवहन शाखा और पुलिस केंद्र के प्रभारी सार्जेंट से जानकारी ली गई। जांच में सामने आया कि दीपक कुमार उर्फ दिलखुश कुमार नाम का व्यक्ति न तो डायल-112 वाहन का चालक था और न ही हाईवे पेट्रोलिंग वाहन पर तैनात था।

अधिकारियों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास से एक सेट पुलिस वर्दी, जूता, फर्जी पहचान पत्र, मोबाइल फोन और वर्दी में खिंचवाए गए दो फोटो बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी पहचान पत्र और पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल कर पुलिस केंद्र में रह रहा था।

पुलिस केंद्र के शस्त्रागार और रिजर्व कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक कुमार उर्फ दिलखुश कुमार पिता नंदकिशोर प्रसाद यादव, साकिन बरहजा, थाना डेराज, जिला सहरसा के विरुद्ध सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment