न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: 2.05 लाख भारतीय और 79 हजार नेपाली रुपये के साथ नेपाली मवेशी व्यापारी गिरफ्तार

संवाददाता/ किशनगंज

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात एसएसबी ने अवैध मुद्रा परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसबी जवानों ने भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा लेकर नेपाल जा रहे एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से 2,05,500 रुपये भारतीय मुद्रा, 79 हजार नेपाली रुपये और एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

यह कार्रवाई 19वीं वाहिनी एसएसबी की एफ कंपनी धनतोला के जवानों ने बॉर्डर पीलर संख्या-128 के पास की है। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद जब्त नकदी, बाइक और गिरफ्तार व्यक्ति को सीमा शुल्क कार्यालय ठाकुरगंज को सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नेपाली व्यक्ति मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में भारतीय रुपये लेकर नेपाल जाने वाला है। सूचना के आधार पर पार्टी कमांडर इंस्पेक्टर गौर मोहन रॉय के नेतृत्व में विशेष गश्ती दल ने सीमा की ओर आ रहे संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 411 नोट, कुल 2,05,500 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद हुई। वहीं नेपाली मुद्रा के 1000 रुपये के 49 नोट और 500 रुपये के 60 नोट, कुल 79 हजार रुपये भी मिले।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 44 वर्षीय वारेक सेक (पिता- सेक मोहम्मद), निवासी शरणामती वार्ड संख्या-2, राजगढ़, नेपाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह मवेशी व्यापारी है और लोहागाड़ा हाट में मवेशी बेचकर मिली रकम लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर नेपाल लौट रहा था।

निर्धारित सीमा से अधिक भारतीय मुद्रा ले जाने के कारण एसएसबी ने नकदी जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम को सौंप दिया।

एक महीने में दूसरी बार पकड़ा गया व्यापारी-

गौरतलब है कि इससे पहले 13 अक्टूबर को भी इसी सीमा पर एसएसबी ने 2 लाख 1 हजार रुपये भारतीय मुद्रा के साथ एक नेपाली मवेशी व्यापारी को गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद चोरी-छिपे नेपाली मवेशी व्यापारियों का लोहागाड़ा हाट आना-जाना जारी है, जिससे अवैध मुद्रा परिवहन और सीमा सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share this news

Leave a Comment