बरारी /कटिहार – बरारी नगर पंचायत के गुरुबाजार वार्ड 10 में बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 77 हजार 500 रुपए के सामान की चोरी कर ली। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब गृहस्वामी की पत्नी और बेटी घर की साफ-सफाई करने पहुंचीं। घर का दरवाजा खुला था और अंदर रखा ट्रंक टूटा हुआ मिला। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार ने सामान की जांच की तो जेवर, बर्तन और बिजली के उपकरण गायब मिले।
इस संबंध में गृहस्वामी उदय शंकर सिंह ने बरारी थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के अनुसार, वे करीब डेढ़ वर्षों से घर पर नहीं रह रहे हैं। उनका परिवार कटिहार में रहकर बच्चों की पढ़ाई करता है। बीच-बीच में परिवार गुरुबाजार स्थित घर पर आता था, लेकिन घटना से पहले करीब दो सप्ताह से घर बंद था।
टटिया तोड़कर घर में घुसे चोर आवेदन में बताया गया है कि 3 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे पत्नी सोनी देवी और 16 वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी घर पहुंचीं। दरवाजा पहले से खुला मिला। जांच करने पर ट्रंक टूटा हुआ था। चोर सोने के कान के एक जोड़े और दो सोने की नाक की कील, चांदी की चेन, दो सिक्के और दो चांदी की मछली सहित करीब 56 हजार रुपए के जेवर ले गए।
इसके अलावा कासा-पीतल के बर्तन,तीन प्रेशर कुकर, उषा कंपनी का सीलिंग पंखा और नतासा कंपनी का स्टेबलाइजर भी गायब था। गृहस्वामी के अनुसार, आंगन के बगल की टटिया तोड़कर चोर घर में घुसे थे। आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली।
पुलिस से मामले की जांच कर चोरी में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।इस संबध में थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है।जांच कर उचित कारवाही की जाएगी।