गंगा मैया की आराधना से भक्तिमय हुआ काढ़ागोला घाट
दीपों की रोशनी में नहाया गंगा तट
बनारस के विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की महाआरती, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने लिया गंगा संरक्षण का संकल्प
बरारी /कटिहार – आस्था की अविरल धारा, वैदिक मंत्रों की गूंज और हजारों दीपों की सुनहरी आभा के बीच ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट का नजारा अलौकिक हो उठा। गंगा उत्सव के अवसर पर देर शाम आयोजित भव्य गंगा महाआरती में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा संगम दिखा कि पूरा गंगा तट भक्तिमय हो गया। बनारस से आये विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां गंगा की महाआरती की।

आरती के दौरान दीपों की लौ, घंटियों की ध्वनि और शंखनाद से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। गंगा मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बने। घाट की आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और दीपों ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।इस अवसर पर गंगा की निर्मलता,अविरलता और पवित्रता बनाए रखने के साथ नदी संरक्षण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को गंगा को केवल एक नदी नहीं,बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता,आस्था और जीवनदायिनी परंपरा के प्रतीक के रूप में समझने के लिए प्रेरित करना रहा।
गंगा केवल नदी नहीं, हमारी संस्कृति और जीवन का आधार : डीएम
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने गंगा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मां गंगा भारतीय सभ्यता, संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार हैं। गंगा की पवित्रता करोड़ों लोगों की श्रद्धा से जुड़ी है। यह नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की पहचान भी है। मां गंगा की सेवा और संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जब तक आम लोग इसे अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे, तब तक गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प पूर्ण नहीं हो सकता।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन और जल शक्ति मंत्रालय के निर्देश पर बिहार राज्य गंगा नदी संरक्षण कार्यक्रम प्रबंधन सोसाइटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की पहल पर घाट परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक तोरण द्वारों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठने और वाहनों की पार्किंग के इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर गंगा तट पर बैरिकेडिंग, नाव और गोताखोरों की व्यवस्था की गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहे।

प्रशासन और गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में एसपी परिचय कुमार, जिला प्रशासन के साथ बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार, बीपीआरओ राजकुमार सिंह, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश और थानाध्यक्ष सुमेश कुमार सहित जिले के पदाधिकारियों की अहम भूमिका रही। वहीं गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा, जिला सह संयोजक मनोज साह, आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता और संगठन के स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को संभाला।इस अवसर पर बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, कदवा विधायक दुलाल चंद गोस्वामी, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, विधायक प्रतिनिधि राजीव कुमार चौधरी, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, जदयू जिला उपाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती,घाट के लेसी संजय यादव और भाजपा नेता महेश कुमार चौधरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।