इकरा मुसहरी वार्ड संख्या-07 में पुलिस की कार्रवाई, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी
मुरलीधर झा/दिघलबैंक
जिले में अवैध शराब के कारोबार एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को गंधर्वडांगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 39.270 लीटर विदेशी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निर्मल कुमार गिरी (30 वर्ष), पिता कमल गिरी तथा अरुण कुमार (35 वर्ष), पिता बिसु के रूप में हुई है। दोनों गर्वनडांगा थाना क्षेत्र के इकरा मुसहरी, वार्ड संख्या-07 के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। इस दौरान कुल 39.270 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस शराब के स्रोत तथा इसके आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।