बारसोई /कटिहार – बारसोई प्रखंड के चांदपाड़ा पंचायत के बालूपाड़ा हाट का रविवार को बीडीओ चंदन प्रसाद एवं सीओ श्यामसुंदर साह ने निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने हाट परिसर की स्थिति दुकानों की व्यवस्था साफ सफाई एवं व्यापारियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बालूपाड़ा हाट में दुकानदारों एवं आम लोगों की सुविधा को देखते हुए आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे।
हाट परिसर में शेड का निर्माण कराया जाएगा। ताकि दुकानदारों एवं ग्राहकों को धूप और बरसात से राहत मिल सके। इसके साथ ही हाट परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जलजमाव जैसी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।अधिकारियों ने हाट में बने पक्के दुकानों एवं अतिक्रमण की स्थिति का भी जायजा लिया। बताया गया कि पक्की दुकान बनाकर व्यवसाय करने वाले अतिक्रमणकारियों से नियमानुसार मासिक शुल्क लेने की व्यवस्था की जाएगी।
इससे हाट की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ पंचायत को राजस्व भी प्राप्त होगा।बीडीओ एवं सीओ ने संबंधित लोगों को हाट परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। मौके पर मुखिया नाजिम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।