न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

प्रेम-विवाह करने के बाद दहेज की मांग कर पत्नी को करने लगा प्रताड़ित,दिव्यांग बच्चे को जन्म देने के बाद घर से निकाला

सागर चंद्रा/ किशनगंज


प्रेम-विवाह करने के बाद पति और ससुराल वालों के द्वारा 10 लाख रुपये दहेज की मांग कर महिला को प्रताड़ित करने और दिव्यांग बच्चे को जन्म देने के बाद उसे घर से निकाल देने का मामला सामने आया है।

स्थानीय स्तर पर पंचायती के बाद भी जब ससुराल वालों ने उसे स्वीकार करने से इंकार कर दिया तो पीड़िता न्याय की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई। जहां पीड़िता के लिखित शिकायत पर पति और ससुराल वालों के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित खनियाबाद निवासी पीड़िता दरकसन का प्रेम संबंध नैयर आलम पिता मुस्तफा के साथ था। लेकिन नैयर के परिवार वालों को उनका यह रिश्ता पसंद नहीं था। दोनों के रिश्ते की जानकारी मिलने के बाद गांव में स्थानीय स्तर पर पंचायती की गई। पंचायत के फैसले से गत 24 मार्च 2022 को दोनों का निकाह हो गया। निकाह के बाद दरकसन विदा होकर अपने ससुराल चली गई।

उसकी विदाई के वक्त मायके वालों ने बाइक, फर्नीचर सहित कई अन्य कीमती उपहार भी दिए थे। लेकिन कुछ दिनों बाद ही पति और ससुराल वाले उसपर मायके से 10 लाख रुपये मांग कर लाने का दबाव बनाने लगे। कुछ दिनों के बाद दरकसन ने एक दिव्यांग बेटे को जन्म दिया।

बेटे को जन्म देने के बाद से पति और ससुराल वाले उसपर जुल्म ढाने लगे। इस बीच दरकसन का पति उसे छोड़कर रोजगार के लिए चेन्नई चला गया। जहां से वह फोन कर पीड़िता पर दहेज का दबाव बनाने लगा। इसके बावजूद भी दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने गत 27 अगस्त को दरकसन और उसके बेटे को घर से निकाल दिया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने मायके में शरण ले ली है।

Share this news

Leave a Comment