न्याय के लिए डीआईजी – एसपी के दरबार में गुहार लगा चुकी है पीड़िता
नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग
कुरसेला/कटिहार – ससुर की हत्या के बाद भय के साये में जी रहे परिवार को अब केस उठाने के लिए धमकी मिलने का आरोप है। न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर पीड़िता दुखनी देवी ने पूर्णिया के डीआईजी और कटिहार के एसपी से गुहार लगा चुकी है। उसने हत्या के मामले में नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
पीड़िता के आवेदन के मुताबिक, इससे पहले नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ और घर में तोड़फोड़ के आरोप में कुरसेला थाना में कांड दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उक्त घटना के बाद 28 जून 2026 की रात रवि कुमार उर्फ रब्बो महतो, दुखन महतो, गुड़िया देवी, देवेंद्र महतो और मिथुन महतो समेत अन्य लोगों ने हथियारों व लाठी-डंडों से लैस होकर परिवार पर हमला कर दिया। इसमें पीड़िता के ससुर रामानंद महतो की मौत हो गई, जबकि सास सुनेना देवी समेत अन्य लोग घायल हो गए।
इस घटना को लेकर भी थाना में कांड दर्ज कराया गया। हालांकि इस मामले में घटना के एक सप्ताह बाद रब्बो महतो को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दुखनी देवी का आरोप है कि हत्या के मामले में नामजद चार आरोपित अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। उस पर केस उठाने का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता ने दोनों मामलों में कार्रवाई तेज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रामानंद महतो हत्याकांड में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार जेल भेजा गया है। फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से इश्तेहार भी प्राप्त हो चुका है।