अहमदाबाद:गुजरात के अहमदाबाद में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर उनका रवैया दोहरा है।
जेपी नड्डा ने कहा कि आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर गैर-जिम्मेदाराना राजनीति कर रहे हैं।
चुनावी हार के बाद संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव में हार से हताश कांग्रेस कभी ईवीएम, कभी बैलेट पेपर तो कभी चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश झूठ की राजनीति से नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का विश्वास और आशीर्वाद हासिल करने से मिलता है। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसमर्थन को उनकी सबसे बड़ी ताकत बताया।
मतदाता सूची की शुचिता पर दिया जोर
जेपी नड्डा ने कहा कि देश का भविष्य नौजवानों और जागरूक मतदाताओं के हाथों में है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया पूरी होगी और मतदाता सूची की शुचिता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र की आवाज को और मजबूत करने तथा कांग्रेस और इंडी गठबंधन की ओर से अराजकता फैलाने की कथित कोशिशों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने के लिए भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता संकल्पित हैं।