न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

ई-कचरा प्रबंधन को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली

हसनगंज /कटिहार -उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज में बुधवार को ई-कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को ई-कचरे के दुष्प्रभावों, उसके उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।रैली के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न घरों और दुकानों पर जाकर लोगों से संवाद किया।

उन्होंने बताया कि खराब मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, चार्जर, बैटरी और टेलीविजन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ई-कचरे की श्रेणी में आते हैं। इनका उचित प्रबंधन नहीं होने से मिट्टी, जल और पर्यावरण प्रदूषित हो सकते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव मानव स्वास्थ्य तथा पशु-पक्षियों पर भी पड़ता है।विद्यार्थियों ने लोगों से अपील की कि ई-कचरे को खुले में न फेंकें और न ही जलाएं। इसे सामान्य घरेलू कचरे से अलग रखकर अधिकृत संग्रह एवं पुनर्चक्रण केंद्रों तक पहुंचाएं।

साथ ही, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा उपयोग योग्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत और पुनः उपयोग को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज को स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जिम्मेदार बनाना था।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार भगत ने लोगों से ई-कचरे के उचित प्रबंधन को अपनी जीवनशैली में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के निर्माण के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। इस जागरूकता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

Share this news

Leave a Comment