विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं वाहिनी की ई समवाय सीमा चौकी पैक टोला के जवानों ने शुक्रवार तड़के नेपाल से भारत लाए जा रहे पांच मवेशियों को जब्त किया। कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 154 के पास भारतीय क्षेत्र में की गई। एसएसबी के अनुसार, आसूचना के आधार पर जवानों ने सुबह करीब 4:22 बजे सीमा स्तंभ संख्या 154 से लगभग 60 मीटर भारतीय क्षेत्र में निगरानी अभियान चलाया।
इस दौरान नेपाल की ओर से भारत लाए जा रहे पांच मवेशियों को जब्त किया गया। जब्त मवेशियों में दो गाय भूरी-काली तथा तीन गाय भूरी रंग की बताई गई हैं।
अभियान में सहायक उप निरीक्षक समीर घोष, मुख्य आरक्षी पंकज कुमार समेत पप्पू कुमार गुप्ता, दीपक कुमार, मुद्रेन्द्र कुमार, राम लखन वर्मा, राकेश कुमार एवं प्रफुल्ल कुमार सिंह शामिल थे। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जब्त मवेशियों को टेढ़ागाछ थाना, किशनगंज में सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी थी।
सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है।