पंचू की मौत मामले में नया मोड़,मां ने मांगा बेटे की मौत का इंसाफ
ससुराल में पिटाई के बाद तनाव में था युवक
सागर चंद्रा/किशनगंज
शहर के फरिंगगोड़ा निवासी 28 वर्षीय पंचू यादव की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां सुशीला देवी ने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए टाउन थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
मृतक की मां सुशीला देवी के अनुसार, पंचू यादव उनका बड़ा बेटा था। पिता की मौत के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वर्ष 2017 में मजदूरी करने सिक्किम जाने के दौरान पंचू का सोनिया देवी, पिता बिरजू दास, से प्रेम संबंध हुआ था। बाद में सोनिया फरिंगगोड़ा आ गई, जिसके बाद दोनों की शादी करा दी गई। दंपती के तीन बच्चे भी हैं।
पत्नी के व्यवहार में बदलाव से बढ़ी पारिवारिक परेशानी
सुशीला देवी ने आरोप लगाया कि पिछले दो-तीन वर्षों से सोनिया देवी के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह कभी सिलीगुड़ी स्थित मायके, तो कभी सिक्किम और बेगूसराय चली जाती थी। इस बीच पंचू रोजगार की तलाश में केरल चला गया था। सितंबर में त्योहारों के दौरान वह परिवार के साथ खुशियां मनाने घर लौटा और सिलीगुड़ी में रह रही पत्नी को फोन कर घर आने के लिए कहा। हालांकि, पत्नी ने किशनगंज आने से इनकार कर दिया।
पत्नी को लाने गया था सिलीगुड़ी, ससुराल में पिटाई का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 15 अक्टूबर को पंचमी पूजा के दिन पंचू ससुराल वालों के लिए उपहार खरीदकर अपने बच्चों के साथ पत्नी को लाने सिलीगुड़ी पहुंचा था। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल अवस्था में पंचू बच्चों के साथ घर लौट आया। इस घटना के बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
मोबाइल में रिकॉर्ड किया अपना दर्द, फिर लगा ली फांसी
मां के अनुसार, पंचू ने अपने साथ हुई घटनाओं और मानसिक पीड़ा को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था। उसने यह रिकॉर्डिंग अपनी बहन सहित अन्य परिजनों को भी भेजी थी। इसके बाद 19 अक्टूबर को पंचू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद अब मां की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम, पारिवारिक विवाद और मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए कथित संदेशों समेत सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।