शिक्षकों के सम्मान से बढ़ा हौसला
रेल महिला समिति की अध्यक्ष ने 33 शिक्षकों व कर्मियों को किया सम्मानित
कटिहार – शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पूसी रेलवे महिला कल्याण संगठनं कटिहार की ओर से गुरुवार को कोसी रेलवे ऑफिसर्स क्लब में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में संगठन द्वारा संचालित सिल्वर बेल्स प्राइमरी स्कूल, साहेबपाड़ा, कटिहार के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेल महिला समिति कटिहार की अध्यक्ष निबेदिता नरह ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। विद्यालय के 13 कर्मियों को नकद पुरस्कार तथा सभी 33 शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों को पारितोषिक प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष निबेदिता नरह ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं।
समाज के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें इसी उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में रेल महिला समिति की उपाध्यक्ष पूजा सिंह, सचिव मंजरी पाल, कोषाध्यक्ष शिल्पी मंडल, स्कूल इंचार्ज अंजना रावत एवं मोनालिशा चूतिया, मधु मालती सहित संगठन की अन्य कार्यकारिणी सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहीं। वही सम्मान मिलने वाले शिक्षिकाओं में स्कूल प्रिंसिपल रीता रानी चौधरी सहितसंजना, शिखा प्रिया, अनमोल,साक्षी के अलावा वेलफेयर इंस्पेक्टर रेवती नंदन शर्मा सहित मनोज कुमार, श्रीमती सीता, श्रीमती सुनीता, श्रीमती सावित्री , मो. इसराफिल,अमित कुमार, सूरज कुमार, श्रीमती मंजू आदि मौजूद रहे ।