गुप्त सूचना पर रामपुर पुल के पास पुलिस ने की वाहन जांच, ग्लैमर बाइक से बरामद हुई 90 बोतल शराब।
टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 27 लीटर नेपाली देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से शराब के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को टेढ़ागाछ थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार सिपाही धर्मपाल एवं महिला गृह रक्षक अमृता कुमारी के साथ दिवा गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान करीब दोपहर 12 बजे सूचना मिली कि नेपाल की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर नेपाली शराब लेकर रामपुर चौक की तरफ आ रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने रामपुर पुल के नीचे गांव के निवासी मो. आलम के घर के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान पैकटोला- नेमाटोली की ओर से आ रहे एक ग्लैमर मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान फुलबड़िया वार्ड संख्या 11 निवासी 25 वर्षीय धनराज कुमार साह के रूप में हुई।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मोटरसाइकिल की तलाशी ली। इस दौरान बाइक की डिक्की से 30 बोतल, सीट के नीचे से 44 बोतल तथा लेगार्ड में लटके पॉलीथिन से 16 बोतल रेशमी लीची नेपाली देशी शराब बरामद हुई। इस प्रकार कुल 90 बोतल शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 27 लीटर बताई गई है।
पुलिस ने शराब, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर बरामदगी की वीडियोग्राफी की तथा ई-साक्ष्य ऐप पर साक्ष्य अपलोड किया। इसके बाद आरोपी को जब्त सामान के साथ टेढ़ागाछ थाना लाया गया। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।