समेली /कटिहार – पोठिया थाना क्षेत्र डूमर पंचायत के बकिया गांव में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक सुमित यादव (16) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसका भाई संतोष यादव गंभीर हालत में इलाजरत है। परिजनों ने पड़ोस के चार युवकों पर दोनों भाइयों को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार घटना 22 अक्टूबर की है। गांव में दशहरे का मेला लगा हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में साउंड बॉक्स पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाए जा रहे थे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी।आरोप है कि संतोष यादव के साथ हाथापाई के बाद चार युवक उसे पकड़कर अपने घर ले गए और मारपीट करने लगे। अपने भाई को बचाने पहुंचे सुमित यादव को भी आरोपियों ने पीट दिया।
परिजनों का आरोप है कि दोनों भाइयों के मुंह में कपड़ा डालकर लाठी-डंडे और छड़ से मारपीट की गई। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली में भर्ती कराया । चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। करीब तीन दिनों तक इलाज चलने के बाद शनिवार को देर रात सुमित की मौत हो गई।सुमित की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया ।इस मामले में राजकुमार यादव, मुनचुन मंडल, मुनचुन यादव और गोलू शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ पोठिया थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। सुमित पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के मुताबिक वह दूसरे प्रदेश में मजदूरी कर परिवार में मां और बहन नेहा का भरण-पोषण करता था।
सुमित की मौत से परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।फिलहाल इस घटना के बाद पीड़ित परिवार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।