न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज:वाहन चेकिंग के दौरान 438 लीटर विदेशी शराब बरामद

पिकअप वैन के साथ मधेपुरा निवासी आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता/किशनगंज

पुलिस ने रविवार को पाठामारी थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध विदेशी शराब बरामद करने में सफलता हासिल किया है है।

पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वैन को जब्त करते हुए एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। किशनगंज पुलिस के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत यह सफलता मिली है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज की ओर से एक पिकअप वैन में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पाठामारी थाना अंतर्गत अमलाझाड़ी पेट्रोल पंप के पास पुलिस टीम ने वाहनों की सघन जांच शुरू की।इसी दौरान पुलिस को देखकर एक पिकअप वैन के चालक ने भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस बल ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

तलाशी लेने पर गाड़ी से कुल 438.3 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।पुलिस ने मौके से पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्योतिष कुमार बखरी, थाना व जिला मधेपुरा के रूप में की गई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से शराब और गाड़ी के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।इस कार्रवाई के संबंध में पाठामारी थाना में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड संख्या 44/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर शराब के इस धंधे के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज (शराब कहां से लाई जा रही थी और किसे सप्लाई होनी थी) का पता लगा रही है। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि शराब कारोबार में शामिल अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनकी संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त किया जाएगा।

छापेमारी टीम में ये थे शामिल

इस कार्रवाई में अंचल पुलिस निरीक्षक (ठाकुरगंज) पंकज कुमार पंथ, पाठामारी के प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, पीटीसी महेश कुमार, सिपाही विनय कुमार, रौशन नुनिया और महिला सिपाही ललिता सोरेन मुख्य रूप से शामिल थी।

Share this news

Leave a Comment