दो लाख की क्षति का अनुमान, चूल्हे की चिंगारी से लगी आग
कुरसेला /कटिहार – प्रखंड के जरलाही पंचायत अन्तर्गत मधेली वार्ड संख्या सात में शनिवार शाम आग लगने से छह परिवारों के घर जलकर राख हो गए। अगलगी में करीब डेढ़ से दो लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
ग्रामीणों के अनुसार, खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे गांव में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी में गुजार मंडल, अवधेश मंडल, साजन मंडल, पंचलाल मंडल, माखन मंडल और पवन मंडल के घर जल गए।
घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था करने की समस्या खड़ी हो गई है। मुखिया प्रतिनिधि शंकर चौधरी सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता देने की मांग की है।