कोढा /कटिहार – कोढ़ा प्रखंड के कोलासी बाजार में एक युवक की संदेहास्पद स्थिति में मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतक की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वह फिलहाल अपने ससुराल में रहकर आजीविका चलाते थे। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। बताया जाता है कि बिट्टू कुमार का शव घर में दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ मिला।
घटना के समय घर में उनकी सास, साला, पत्नी और दो बच्चे मौजूद थे। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। मामले को संदेहास्पद मानते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव का पंचनामा तैयार किया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।पुलिस पदाधिकारी परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रहा है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी मिल सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चा हो रही हैं।