किशनगंज:पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर किशनगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर सोमवार सुबह विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक दस्तावेजों, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहनों की वैधता की जांच की।
अभियान के तहत बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और सीमावर्ती मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपराध पर अंकुश लगाना और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्ती एवं वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।