बरारी /कटिहार – बरारी हाट स्थित नवनिर्मित शिव-दुर्गा मंदिर परिसर में विश्व शांति एवं मानव कल्याण की कामना को लेकर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य अष्टयाम ज्ञान यज्ञ एवं हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन का आयोजन किया गया है।धार्मिक अनुष्ठान शुरू होते ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया है।हरे राम-हरे कृष्ण के संकीर्तन और जयघोष से आसपास का माहौल आध्यात्मिक हो उठा है।
इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धाल महिला एवं पुरुष शामिल होकर भक्ति भाव से संकीर्तन का आनंद ले रहे हैं।मंदिर के संस्थापक एवं बरारी के पूर्व विधायक प्रेमनाथ जायसवाल ने बताया कि नवरात्र पूजा संपन्न होने के बाद विजयादशमी के दूसरे दिन से 72 घंटे के लिए अखंड अष्टयाम ज्ञान यज्ञ एवं हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन का आयोजन किया गया है।इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति मानव कल्याण और समाज में सुख-समृद्धि की कामना करना है।
उन्होंने बताया कि संकीर्तन में पश्चिम बंगाल के मालदा से पहुंची महिला कीर्तन मंडली विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।इसके अलावा कटिहार पूर्णिया कोढ़ा और बरारी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से भी कीर्तन मंडलियां पहुंची हैं।सभी मंडलियां भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान के नाम का गुणगान कर रही हैं।मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर संकीर्तन में भाग ले रहे हैं तथा धार्मिक अनुष्ठान में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालु भगवान शिव माता दुर्गा और श्रीहरि का स्मरण कर सुख शांति एवं समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार इस तरह के धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना मजबूत होती है और आपसी प्रेम सद्भाव तथा भाईचारे का संदेश मिलता है। 72 घंटे तक चलने वाले इस अष्टयाम संकीर्तन को लेकर बरारी हाट और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।