अमदाबाद/कटिहार – सामुदायिक किचन के लिए राशन का उठाव तो हुआ लेकिन भोजन नदारद है। यह शिकायत लिखित रूप से पार दियारा पंचायत के भादू टोला ग्राम के नागरिकों ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर जांच की गुहार लगाई है। भादू टोला में अंचल के द्वारा सात सितंबर से सामुदायिक किचन प्रारंभ हुआ।जिसका दैनिक रिपोर्ट अंचल कार्यालय में उपलब्ध है।दो तीन बार आंगनबाड़ी सहायिका के द्वारा राशन का उठाव किया गया, लेकिन एक भी व्यक्ति को भोजन नहीं कराया गया।
मो. उजीर विश्वास, कंचन मंडल, बिरेन मंडल, नजीर हुसैन, मो. हयात सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर कहा है कि सामुदायिक किचन में भोजन नहीं खिलाया जा रहा है। पिछले कई दिनों से अंचल के सामुदायिक किचन में खाना नहीं बन रहा है,जिसके कारण हम लोग को भोजन के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। सामुदायिक किचन चलाने वाली सेविका श्यामली कुमारी से हम लोगों ने जब पूछा तो कहती हैं कि अंचल से कोई सामग्री नहीं मिली है,तो कैसे खाना बनेगा।उक्त ग्रामीणों ने बताया कि हम लोगों के घर एवं चारों ओर पानी प्रवेश कर गया है,जिसके कारण हम लोगों को काफी कठिनाई हो रही है।
जिला पदाधिकारी से भी मांग करते हैं कि जांच हो।इधर वार्ड सदस्य मो. दुलाल ने प्राथमिक विद्यालय सीज टोला के शिक्षक गोपाल पर आरोप लगाया कि अंचल से 20 बोरा चावल का पैकेट दिया गया था,लेकिन मास्टर 10 पैकेट रखकर 10 पैकेट अपने घर भेज दिया।
इसको लेकर मेरे पास साक्षी है। इस संबंध में अंचल अधिकारी हिंदुजा भारती ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, जांच की जाएगी।लेकिन ग्राम पंचायत के मुखिया द्वारा कहा गया कि नियमित भोजन बनता है।