मनिहारी/कटिहार -बिहार राज्य महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने गुरुवार को मनिहारी पहुंचकर महादलित समुदाय के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह के वैश्म में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयोग के अध्यक्ष ने विशेष रूप से आवास विहीन महादलित परिवारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने तथा उन्हें भूमि का पर्चा दिए जाने की दिशा में अब तक हुई कार्रवाई और प्रगति की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद महादलित परिवारों तक किस हद तक पहुंच रहा है।
मनिहारी भ्रमण के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने थाना क्षेत्र में एक नाबालिग महादलित बच्ची के साथ कथित अनैतिक कृत्य के मामले से प्रभावित परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार की बात सुनी और मामले से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की।इसके बाद मनोज कुमार ने मामले के अनुसंधानकर्ता तथा मनिहारी थानाध्यक्ष से अब तक की गई कार्रवाई और अनुसंधान की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले में कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।महादलित आयोग के अध्यक्ष ने पीड़िता के परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ न्याय दिलाने के लिए आयोग आवश्यक स्तर पर पहल करेगा। उन्होने विकास मित्र परमानंद के असामयिक निधन पर दुःख जताया और मृतक के परिजनों से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की, संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के लोगों को न्याय तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।
अध्यक्ष के मनिहारी दौरे को महादलित समुदाय से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान राजेश रजक, प्रकाश मौआर, फूलमणि हेम्ब्रम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूल रहे।