न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कटिहार:जिला पदाधिकारी ने किया बाढ़ प्रभावित गोबराही दियारा का दौरा

कैंप टोला एवं घाट टोला के लोगों की परेशानी का जायजा लेकर दिया निर्देश

कटिहार–जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने उफनती गंगा को नाव से पार कर कुर्सेला प्रखंड के मुरादपुर पंचायत के बाढ प्रभावित गोबराही दियारा पहुंचकर पीड़ितों का दर्द जाना तो वहीं चल रहे विभिन्न राहत कार्यों की समीक्षा की।इस क्रम उनके साथ अन्य विभागीय पदाधिकारियों का काफिला रहा। अन्य पदाधिकारियों एवं मेडिकल टीम के साथ जिला पदाधिकारी खेरिया घाट पर पहुंचे।जहां से एक बड़ी देशी नाव पर सवार होकर उफनती गंगा को पार कर गोबराही दियारा के लिए रवाना हुए।

हलांकि इस दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी की नाव के साथ राज्य आपदा मोचन बल एसडीआरएफ की तीन आधुनिक मोटरबोट लगातार एस्कॉर्ट करती रही।जिला प्रशासन का यह दौरा पूरी तरह जमीनी हकीकत परखने और अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया माना जा रहा है।गंगा नदी के उस पार बसे होने के कारण भौगोलिक रूप से यहां प्रशासनिक मदद और राहत सामग्री पहुंचाना हमेशा से एक कठिन चुनौती रही है।

डीएम ने दुर्गास्थान और घाट टोला का सघन भ्रमण कर जलमग्न बस्तियों, विस्थापित परिवारों और पशुचारे की उपलब्धता का प्रत्यक्ष जायजा लिया।उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को हर जरूरी सहायता त्वरित गति से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए संचालित सरकारी सामुदायिक रसोई का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और राशन सामग्री के भंडारण को बारीकी से परखा. डीएम ने रसोई प्रभारियों को सख्त हिदायत दी कि शरणार्थियों और बच्चों को समय पर शुद्ध व पौष्टिक गर्म भोजन मिलना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीएम ने कहा कि गोबराही दियारा के लिए नियमित रूप से गंगा में बड़ी सरकारी नौका तैनात की जाएगी। ताकि दियारा वासियों को मुख्य भू-भाग तक आवागमन, सुरक्षित निकासी और राशन ढुलाई में सुगम हो सके।

Share this news

Leave a Comment