दिलशाद/ गलगलिया
समाज को नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव से बचाने के लिए गलगलिया थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर तथा गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने में जुटी है।
अभियान के दौरान आम लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज के लोगों को जागरूक कर नशे के खिलाफ एक मजबूत जनभागीदारी तैयार करना भी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में कार्रवाई और जागरूकता दोनों जरूरी हैं। जब आम लोग नशे के दुष्प्रभावों को समझेंगे और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाएंगे, तो नशे का कारोबार करने वालों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सकेगा।
गलगलिया पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के युवाओं को भी नशे से बचाने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ के अवैध कारोबार या बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस को इसकी सूचना देने की अपील की गई है।
वहीं थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य गलगलिया थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समाज को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।