सागर चंद्रा / किशनगंज
रुपये बकाया रहने के कारण शोरूम मालिक के द्वारा ई रिक्शा छीन लेने और पीड़ित के द्वारा विरोध करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। लहरा भटिया बस्ती निवासी पीड़ित अकबर हुसैन पिता सोहराब अली के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में शोरूम मालिक सहित अन्य के विरुद्ध केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित अकबर ने बताया कि उसने लहड़ा चौक स्थित ई रिक्शा शोरूम के मालिक हारूण पिता सुलेमान से एक ई रिक्शा 1.38 लाख रुपये में लिया था। इसके एवज में एक लाख 10 हजार रुपया दे दिया था। लेकिन 28 हजार रुपये बाकी था। गत बुधवार को अकबर का बेटा सरफराज आलम लहड़ा चौक में ई रिक्शा लेकर खड़ा था। इसी दौरान शोरूम मालिक हारूण के साथ अंसार, सद्दाम हुसैन, शमशेर, मुर्तजा आदि मौके पर पहुंचा और जबरन ई रिक्शा छीन कर शोरूम लेकर चला गया।
सरफराज के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के बाद जब अकबर शोरूम पहुंचा तो आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। अकबर को बचाने पहुंचे बेटों की भी पिटाई कर दी गई।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के बाद पीड़ित मामले की शिकायत लेकर थाने पहुंच गया।