सागर चंद्रा/ किशनगंज
ब्लॉक चौक चेकपोस्ट पर चेकिंग कर रही उत्पाद विभाग की टीम ने 4050 किलो यूरिया के साथ जुगाड़ वाहन को किया जब्त किया है।साथ ही मौके से भाग रहे जुगाड़ वाहन चालक को भी दबोच कर कृषि विभाग को घटना की जानकारी दे दी।
उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार ने जब्त 45 किलो वजन के 90 बोरा यूरिया और जुगाड़ वाहन के साथ साथ कोचाधामन थाना क्षेत्र के सिंघिया चकंद्रा निवासी चालक जमील अख्तर (31) पिता तैयमुर हक को टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उर्वरक निरीक्षक के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी चालक को जेल भेज दिया है।
उर्वरक निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि उत्पाद टीम के द्वारा उर्वरक जब्त किए जाने की सूचना के बाद वे उत्पाद थाना पहुंचे थे और चालक से उर्वरक से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई थी।
लेकिन चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि उर्वरक को कालाबाजारी और जमाखोरी की नियत से ले जाया जा रहा था।