लूटकांड के उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल गठित, ग्रामीणों से भी की पूछताछ
निसार अहमद / बहादुरगंज
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा ईंट भट्ठा के पास सोयाबीन तेल लदे ट्रक से लूट के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किशनगंज के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया है।
एसपी ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशनगंज, अंचल पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज, थानाध्यक्ष बहादुरगंज समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का उद्भेदन करने, लूट के कारणों का पता लगाने और लूटा गया माल बरामद करने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर की रात करीब 2:15 बजे ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 61 बी 6566, जिसमें सोयाबीन तेल के 1500 डिब्बे लदे थे और जो जोगबनी से गुवाहाटी जा रहा था, को अज्ञात अपराधियों ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-327 ई पर रोक लिया। अपराधियों ने चालक और खलासी को बंधक बनाकर ट्रक को नटुआपाड़ा स्थित ईंट भट्ठा के पास ले गए। वहां करीब 450 डिब्बे सोयाबीन तेल दूसरे ट्रक में लादकर अपराधी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर जिला पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।