टेढ़ागाछ / विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमा पार होने वाली विभिन्न गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर गुरुवार को सीमा चौकी फतेहपुर में एसएसबी एवं एपीएफ नेपाल के बीच समवाय स्तर की समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल किशनगंज के ई-समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट बलदेव सिंह, सीमा चौकी फतेहपुर प्रभारी राम कृष्ण विश्वास सहित एसएसबी के जवान तथा नेपाल एपीएफ के डीएसपी किशोर कुमार श्रेष्ठ, एपीएफ फतेहपुर कमांडर उपनिरीक्षक दुर्गा राई सहित जवान मौजूद रहे।
बैठक में सीमा क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा, सीमा स्तंभों की सुरक्षा तथा सीमा क्षेत्र की निगरानी को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने मादक पदार्थ, नकली नोट, शराब, हथियार, मवेशी एवं मानव तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना का समय पर दोनों सुरक्षा बलों के बीच आदान-प्रदान आवश्यक है, ताकि सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने तथा नो-मैंस लैंड की नियमित साफ-सफाई को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में दोनों सीमा चौकी प्रभारियों को सीमा से आने-जाने वाले लोगों की पहचान-पत्र जांच, पूछताछ और सामान की तलाशी में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा के लिए दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल और निरंतर सहयोग जरूरी है।