किशनगंज: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार सुबह जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रातःकालीन गश्ती के दौरान पुलिस टीमों ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट समेत वाहनों की वैधता की जांच की।
पुलिस ने बाजार क्षेत्रों, चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और सीमावर्ती मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी। इस दौरान पुलिस जवानों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
किशनगंज पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में लगातार गश्ती और जांच अभियान जारी रहेगा।