सागर चंद्रा/ किशनगंज
सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम हॉस्टल में मंगलवार को शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना के कारण हॉस्टल में रह रही छात्राओं के बीच हड़कंप मच गया। घटना से भयभीत छात्राएं अपने अपने कमरों से बाहर निकल कर शोर मचाने लगी। छात्राओं के चीखने चिल्लाने की आवाज को सुनकर अस्पताल कर्मियों के साथ साथ स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई।
हालांकि फौरन विद्युत संबंध विच्छेद कर बड़े हादसे को टाल दिया गया। छात्राओं ने बताया कि देर शाम अचानक हॉस्टल के मेन स्विच से जोरदार आवाज के साथ चिंगारी निकलने लगी थी। हॉस्टल में बदबूदार धुंआ भर गया था। जिससे सांस लेने में परेशानी के साथ आंखों में जलन होने लगी थी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने फौरन अस्पताल के विद्युत कर्मियों को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही विक्रम राय, अवधेश कुमार और संजय पासवान मौके पर पहुंच गए और विद्युत संबंध विच्छेद कर हादसे को टाल दिया। घटना के कारण लगभग दो घंटे तक छात्राओं को अंधेरे में ही रहना पड़ा। हालांकि देर रात खराबी को दूर कर बिजली बहाल कर दी गई।
इसके बावजूद भी भयभीत छात्राएं हॉस्टल में जाने से परहेज़ कर रही थी। अस्पताल कर्मियों ने किसी तरह उन्हें समझा बुझाकर वापस हॉस्टल भेजा। विद्युत कर्मी विक्रम राय ने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण शॉर्ट सर्किट हो गया था। जिसे फिलहाल दुरूस्त कर दिया गया है।