सागर चंद्रा/ किशनगंज
शहर की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर कर भगा ले जाने के बाद आरोपी के द्वारा परिजनों को दुष्कर्म करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना से भयभीत परिजन पीड़िता की सकुशल बरामदगी की मांग लेकर थाने पहुंच गए। जहां परिजन की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस नाबालिग पीड़िता की तलाश में जुट गई है।
परिजनों का आरोप है कि हलीम चौक निवासी रहमत अंसारी पिता सोहेब अंसारी उर्फ राजू ड्राईवर 15 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर कर भगा ले गया है। परिजनों का कहना है कि जन्माष्टमी के दिन भी रहमत पीड़िता को भगा ले गया था। लेकिन सामाजिक दबाव के बाद उसे आरोपी के घर से बरामद किया गया था।
घटना के बाद से ही आरोपी लगातार पीड़िता का अपहरण कर दुष्कर्म करने की धमकी दे रहा था। धमकी के बाद पीड़िता का पूरा परिवार भय के साये में जी रहा था। इसी बीच गत 8 सितंबर को परिजन जरूरी सामान की खरीदारी करने बाजार गये थे। लेकिन वापस लौटने पर उन्हें पीड़िता गायब मिली। परिजनों को आशंका है कि एक बार फिर रहमत उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।