पुरानी रंजिश और बदले की नीयत से युवक को गोली मारने का आरोप
पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस, मोबाइल व बाइक बरामद
कटिहार- कटिहार पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए महज एक घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार सहित दो मैगजीन,नौ जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना को पुलिस ने घटना का प्रमुख कारण बताया है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दलन कदेपुरा वार्ड संख्या-02 निवासी स्वर्गीय राजेश चौधरी की पत्नी वंदना कुमारी ने पुलिस को बताया कि आठ सितंबर को करीब तीन बजे उनका पुत्र आर्यन चौधरी अपने मित्र गौरव कुमार के साथ घुमने निकला था। शाम करीब 4:17 बजे गौरव कुमार ने मोबाइल पर सूचना दी कि अंशु यादव, सुधांशु कुमार, आकाश कुमार, अमन कुमार सिंह एवं अजय कुमार ने आर्यन को गोली मार दी है।
सूचना मिलने के बाद परिजन उसे घायलावस्था में इलाज के लिए ले गए। घायल आर्यन ने पूछताछ में बताया कि उसे अंशु यादव ने गोली मारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पूर्व में अंशु यादव के मित्र चंद्रशेखर उर्फ छोटे सिंह की अप्रैल माह में आपसी रंजिश के दौरान चाकू लगने से मौत हो गई थी। उक्त मामले में आर्यन चौधरी भी जेल गया था और करीब दो माह पूर्व ही जेल से बाहर आया था। पुलिस का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश और बदला लेने की नीयत से आर्यन को गोली मारकर घायल किया गया।
घटना के संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 361/26, दिनांक 08.09.2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल एसआईटी का गठन किया गया।गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के एक घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में बरसिया निवासी अंशु यादव (20), तेजा टोला निवासी सुधांशु कुमार (22), हृदयगंज निवासी आकाश कुमार (21), तेजा टोला निवासी अमन कुमार सिंह (19) तथा हृदयगंज निवासी अजय कुमार (19) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।