मनिहारी/कटिहार -मनिहारी थाना क्षेत्र में सर्राफा दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के चांदी के सामान सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आशिफ आलम ने प्रेसवार्ता मे जानकारी दी कि 4 सितंबर की रात दुकान बंद कर संचालक सुशील कुमार अपने घर चले गए थे।
इसके बाद 5 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे दुकान पहुंचने पर शटर टूटा हुआ मिला और दुकान से चांदी के सामान चोरी होने की जानकारी हुई। मामले में पीड़ित दुकानदार सुशील कुमार के लिखित आवेदन पर मनिहारी थाना कांड संख्या 420/26, धारा 334(1)/303(2) दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनिहारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य माध्यमों से जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तैयब लम्बू, थाना आबादपुर जिला कटिहार, मो. मैजुद ऊर्फ मैदुर थाना आवादपुर, जिला कटिहार, मो .अंजार साकिन पडगांव,थाना कचना, जिला कटिहार, मुन्ना नवी साकिन धरमपुर,थाना आबादपुर जिला कटिहार, मो. रूकसेद, साकिन मिस्त्री टोला,थाना आवादपुर, जिला कटिहार के रूप मे हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से अंजार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। इसके विरुद्ध पूर्णियां मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 274/26 धारा 334(1)/303(2) दर्ज है। इसी तरह 273/26 एवं कचना थाना कांड संख्या 20/26 303(2) दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के विभिन्न सामान बरामद किए हैं।
इनमें चांदी के बड़ी थाली एक छोटी थाली, चांदी का एक बडा एवं एक छोटा ग्लास एक लोटिया चांदी का बना, चांदी से बनी राधाकृष्ण जी की मूर्ति एक पीस एवं इस कांड मे प्रयुक्त टेम्पो भी जब्त की गई है। छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आशिफ आलम, अंचल पुलिस निरीक्षक पप्पू कुमार, थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा, पुअनि तारिक अनवर अंसारी सहित मनिहारी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।