न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बाढ़ राहत में कोताही बर्दाश्त नहीं, जरूरतमंदों तक हर हाल में पहुंचे मदद -डीएम

कुरसेला/कटिहार – गंगा कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रखंड क्षेत्र में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रखंड के प्रशाल भवन में बरारी विधायक विजय सिंह की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई।

जिसमें डीएम आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता आपदा फिरोज अख्तर, डीआरडीए निदेशक सुदामा प्रसाद सिंह,बीडीओ कुमारी प्रियंवदा, सीओ अनुपम कुमारी, मुखिया, जिला पार्षद समेत प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव के परिचालन, सामुदायिक रसोई, प्लास्टिक शीट, चिकित्सा सुविधा समेत अन्य राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने को लेकर आवश्यक सुझाव दिए।

डीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा जरूरत के अनुसार संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक के बाद डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की सहायता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री या अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासनिक टीम और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ हर जरूरतमंद परिवार तक सहायता पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों का लगातार आकलन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही को गंभीरता से लिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राहत एवं सहायता का लाभ निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सभी जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समन्वय बनाते हुए तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।

Share this news

Leave a Comment