42वीं मासिक आरती में उमड़ी आस्था
सफाई अभियान चलाकर लोगों को नदी संरक्षण के प्रति किया जागरूक
बरारी /कटिहार – शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र कटिहार उत्तर बिहार के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर गंगा नदी को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। सफाई अभियान के बाद घाट पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और भव्य आरती की गई।
शंखनाद और हर-हर गंगे, हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।गंगा समग्र की ओर से प्रत्येक महीने पूर्णिमा के अवसर पर गंगा पूजन और आरती का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 42वीं मासिक गंगा आरती पुरोहित प्रमुख दिवाकर मिश्रा के नेतृत्व में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुई।
इस दौरान कार्यक्रम में जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा,सह संयोजक मनोज साह,आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, सुशील राय, सुमन पासवान, मुनिलाल साह, राहुल राज, प्रमोद पासवान, रूदल मंडल और महाराणा मंडल सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल हुए। स्वयंसेवकों ने गंगा की स्वच्छता और घाट की धार्मिक पहचान को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
पुरोहित प्रमुख दिवाकर मिश्रा ने कहा कि शरद पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन चंद्रमा सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है। इस अवसर पर पूजा-अर्चना करने से मां लक्ष्मी और भगवान नारायण की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
जिला संयोजक नवीन चौधरी ‘बाबा’ और जिला सह-संयोजक मनोज साह ने बताया कि काढ़ागोला घाट पर प्रत्येक सप्ताह सफाई अभियान चलाया जाता है। वहीं, मासिक गंगा आरती के माध्यम से लोगों को नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही गंगा को स्वच्छ रखने और घाट की पहचान को पुनर्स्थापित करने का प्रयास सफल हो सकता है।