संवाददाता :अरुण कुमार
फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र के पिपरा पंचायत के वार्ड संख्या-04 में घरों के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन विद्युत तार अब ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। आधा दर्जन से अधिक घरों के ठीक ऊपर से गुजर रहे इस तार को लेकर ग्रामीणों में लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पूर्व मस्जिद के इमाम मौलाना एवं मुफ्ती इसराफिल हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं, बीती रात भी एक व्यक्ति विद्युत तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को तत्काल फारबिसगंज अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है । ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।