संवाददाता: अब्दुल जब्बार
ठाकुरगंज के दल्लेगांव पंचायत के अंडाबाड़ी गांव में मंगलवार की शाम एआईएमआईएम जिला अध्यक्ष गुलाम हसनैन के निजी आवास पर एक दिवसीय अजीमुश्शान रहमतुल्लिल आलमीन व इसाले सवाब कांफ्रेंस का आयोजन किया गया।
किछौछा से पहुंचे खुसूसी मुकरीर मौलाना सैयद जामी अशरफ अशरफी समेत उलमा-ए-कराम ने ईमान, नमाज, जकात, मां-बाप की खिदमत और नेक अमल की अहमियत पर तकरीर की। नात-ए-पाक और तकरीर के दौरान बार-बार सुब्हान अल्लाह की सदाओं से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा।
कांफ्रेंस के दौरान करीब डेढ़ घंटे तक मूसलाधार बारिश और तेज गरज-चमक हुई, लेकिन अकीदतमंदों का हौसला नहीं टूटा। लोग शामियाने के नीचे डटे रहे और बारिश के बीच भी नात-ओ-तकरीर का सिलसिला जारी रहा।
कार्यक्रम के अंत में सलातो-सलाम और फातिहा ख्वानी की गई। मौलाना सैयद जामी अशरफ अशरफी ने मुल्क में अमन-शांति, भाईचारे और तमाम लोगों की मगफिरत के लिए दुआ की।
कांफ्रेंस में एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष सह अमौर विधायक अख्तरुल ईमान, कोचाधामन विधायक सरवर आलम समेत कई जनप्रतिनिधि, उलमा और बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। रात करीब साढ़े नौ बजे तक नात-ओ-तकरीर का सिलसिला चलता रहा।