न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कोसी पुल पर टैंकर-हाइवा की भिड़ंत में चार घंटे आवागमन ठप

दोनों चालकों की बची जान
एंबुलेंस और यात्री बसें भी फंसी रही

11 बजे के बाद सामान्य हुआ परिचालन

कुरसेला/कटिहार – एनएच- -31 के कोसी पुल पर रविवार की अहले सुबह करीब तीन बजे टैंकर और बालू लदे हाइवा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बच गए।लेकिन दोनों वाहनों के क्षतिग्रस्त होकर पुल पर फंस जाने से करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा। दुर्घटना के बाद पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि बालू लदा हाइवा नवगछिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था, जबकि टैंकर कुरसेला की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोसी पुल पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद पुल पर आवागमन बाधित हो गया। देखते ही देखते एनएच-31 पर कोसी पुल से रंगरा और बाघमारा पुल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री बसों में सवार लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। वहीं जाम में कई घंटे तक एंबुलेंस भी फंसी रही।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को खिंचवाकर पुल पर एक किनारे कराया गया। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे एकतरफा आवागमन शुरू हो सका। हादसे के कारण दिन के 11 बजे तक एनएच-31 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। जाम में फंसे बाइक और ऑटो चालकों को भी काफी देर तक रूकना पड़ा।

Share this news

Leave a Comment